Home » बाइक से टकराकर स्कूली वैन पलटी, तीन मासूमों की हालत गंभीर, कई चोटिल, 22 बच्चे थे सवार
उत्तर प्रदेश

बाइक से टकराकर स्कूली वैन पलटी, तीन मासूमों की हालत गंभीर, कई चोटिल, 22 बच्चे थे सवार

हरदोई।  मंगलवार को पचदेवरा क्षेत्र मेें निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के नीचे बड़ा हादसा होते बच गया। यहां बाइक से टकराकर तेज रफ्तार स्कूली वैन पलट गई। वैन में 22 बच्चे सवार थे, ज्यादातर बच्चे चोटिल हो गए। जबकि तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर अस्पताल दाखिल कराया गया है।

शाहजहांपुर के अल्हागंज कस्बा में दक्ष इंटरनेशनल स्कूल संचालित है। स्कूल की वैन रोजाना पचदेवरा के गिरधरपुर, सेढ़ामऊ आदि गांवों से बच्चों को लेकर जाती है। छुट्टी के बाद बच्चों को घर तक छोड़ने आती है। मंगलवार की सुबह स्कूल की वैन बच्चों को लेकर जा रही थी। वैन में 22 बच्चे सवार थे। पचदेवरा के ग्राम सेढ़ामऊ के निकट गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे पहुंची। उसी समय सामने से आई बाइक में तेज रफ्तार वैन टकरा गई। वैन अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई।

हादसे में 18 बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। जबकि गिरधरपुर के शिवांश, यश प्रताप सिंह, केशव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक फरमान को भी चोटें आईं। सूचना पर पहुंचे स्वजन तीनों बच्चों को बेहतर उपचार के लिए फर्रुखाबाद लेकर चले गए।

घटना से अभिभावकों में रोष है।  लोगों ने चालक की लापरवाही से हादसा होने की बात कही। स्कूल प्रबंधन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पचदेवरा थाना प्रभारी जब्बार खां ने बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Search

Archives