मेरठ। मेरठ के गांव अम्हेड़ा में रविशंकर ने दहेज नहीं मिलने पर अपनी गर्भवती पत्नी सपना की गला रेतकर हत्या कर दी थी। मृतका के भाई ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम के बाद सपना का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने आरोपित रविशंकर को गिरफ्तार कर लिया। स्वजन ने रविशंकर के अवैध संबंध के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। कहा कि वह खुद को बचाने के लिए ऐसे आरोप लगा रहा है।
शनिवार सुबह सपना की उसके पति रवि शंकर ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर हत्या की सूचना दी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया था। सपना के भाई सोनू पुत्र स्व. भगवत ने शनिवार देर रात गंगानगर थाने में दी तहरीर में कहा कि शादी में सात लाख रुपये खर्च किए थे।
आरोप है कि ससुराल वाले कार व दो लाख रुपये मांग रहे थे। पति रवि शंकर, सास विमला, ससुर विशम्बर, ननद रजनी व रचना उसका उत्पीड़न करते थे। वह छह माह की गर्भवती थी। 29 जुलाई की सुबह उसे पीटकर घर से निकाल दिया। इसके बाद सपना बहन पिंकी व ममता के पास अम्हेड़ा आ गई। शनिवार को रवि शंकर बाइक से अम्हेड़ा आया। ऊपर कमरे में गया ओर चाकू व सर्जिकल ब्लेड से सपना की हत्या कर दी। दोनों बहनों ने बचाने का प्रयास किया तो उन पर भी हमला किया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया। यहां से जेल भेज दिया गया।
गांव में गुस्से का माहौल पुलिस तैनात
सपना की मौत के बाद गांव में गुस्से और गम का माहौल है। घटना के कारण लोग आक्रोशित दिखे। आसपास के गांवों में भी लोग हत्याकांड की चर्चा करते रहे। महिलाओं ने रवि शंकर को वहशी बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। कहा कि उसे ऐसी सजा मिले जो ऐसा कदम उठाने से पहले कोई भी वहशी हजार बार सोचे।







