नोएडा। वेतन वृद्धि समेत अन्य मांगों पर नोएडा के तीन औद्योगिक क्षेत्रों में हुए हिंसक प्रदर्शन व आगजनी की घटना में पुलिस ने 400 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को फेज-दो समेत अन्य स्थानों पर छिटपुट बवाल व पथराव में 100 से ज्यादा आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सभी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) की कार्रवाई करने की बात कही है।
अधिकारियों ने 36 संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर विभिन्न स्थानों पर 12 जिलों की पुलिस व अर्धसैनिक बलों के छह हजार जवान तैनात किए हैं। पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर गलत वीडियो प्रसारित कर माहौल खराब करने पर विभिन्न थानों में सात मुकदमें दर्ज किए हैं। पुलिस आयुक्त ने श्रमिकों से शांति की अपील कर नौकरी पर लौटने के दौरान सुरक्षा का आश्वासन दिया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में हाई पावर कमेटी की प्रेसवार्ता में अध्यक्ष औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि कमेटी की रिपोर्ट को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वीकृति दे दी है। जीवन यापन की लागत को ध्यान में रखते हुए गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में न्यूनतम वेतन में सबसे अधिक 21 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है। वहीं अन्य जिलों में भी वेतन बढ़ाया गया है। वहीं बुधवार को सभी इंडस्ट्री खोली जाएंगी। उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 12 जनपदों से फोर्स मंगाया है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह व जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।







