Home » पेट्रोल पंप पर खड़ी स्कॉर्पियो में लगी आग, कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
उत्तर प्रदेश

पेट्रोल पंप पर खड़ी स्कॉर्पियो में लगी आग, कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

मथुरा। जयगुरुदेव पेट्रोल पंप पर हवा डलवाते समय शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे एक स्कार्पियो में अचानक आग लग गई। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने धक्का देकर कार को पेट्रोल पंप से हटाकर सर्विस रोड पर किया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।

करीब आधे घंटे बाद पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग से कार पूरी तरह खाक हो चुकी थी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हाईवे थाना क्षेत्र के कृष्णा आर्चिड फेस दो के रहने वाले कार मालिक संजय उपाध्याय साथी पवन अग्रवाल निवासी महाविद्या कालोनी थाना गोविंद नगर के साथ किसी काम से जा रहे थे।

कार को थाना मगोर्रा के छोटी कोठी निवासी योगेश चला रहे थे। शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे योगेश ने जयगुरुदेव पेट्रोल पंप पर टायरों में हवा डलवाने के लिए रोक दी। हवा डलवाते समय कार में अचानक शार्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगी।

संजय और पवन कार से उतरे। पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। कर्मियों ने धक्का देकर कार को पेट्रोल पंप से दूर करके सर्विस रोड पर खड़ा कर दिया। साथ ही हाईवे पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। आग को देख लोगों की भीड़ जुट गई। इससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया।

आधे घंटे में पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया। आग से कार पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। रिफाइनरी सीओ अनिल कुमार कपरवान ने बताया कि प्राथमिक तौर पर आग का कारण तकनीकी खराबी या शार्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Search

Archives