लखनऊ। मंगलवार को मशहूर शायर मुनव्वर राना को गंभीर हालत में एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया। दो दिन पहले उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर पीजीआई के नेफ्रोलॉजी विभाग में शिफ्ट कराया गया है।
नेफ्रोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. नारायण प्रसाद ने बताया कि मुनव्वर राना किडनी के रोग से पीड़ित हैं। उनकी डायलिसिस होती रहती है। उन्हें दिल और फेफड़े से संबंधित समस्याएं हैं। इसके अलावा सीओपीडी से भी पीड़ित हैं। मौसम बिगड़ने पर उनकी तकलीफ बढ़ जाती है। इससे भी उनकी स्थिति थोड़ी गंभीर है।
फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों की टीम उन पर नजर रखे है। उनकी बेटी ने इस बारे में जानकारी दी। बेटी सुमैय्या राणा ने लोगों से उनके पिता के लिए दुआ करने की गुजारिश की है। मालूम हो कि मुनव्वर राणा अपनी शायरियों की वजह से देश-दुनिया में मशहूर हैं।







