Home » एचपीसीएल सीबीजी प्लांट के उप महाप्रबंधक और सहायक मुख्य प्रबंधक की गोली मारकर हत्या
उत्तर प्रदेश

एचपीसीएल सीबीजी प्लांट के उप महाप्रबंधक और सहायक मुख्य प्रबंधक की गोली मारकर हत्या

बदायूं। जिले के दातागंज तहसील क्षेत्र के गांव सैजनी में स्थित एचपीसीएल के सीबीजी (कंप्रेस्ड बायो गैस) प्लांट में नौकरी और अनाधिकृत कार्य करने को लेकर पिछले छह माह से चल रहा विवाद खूनखराबे तक पहुंच गया।

इसी को लेकर गुरुवार दोपहर प्लांट में गोलीबारी हुई। जिसमें प्लांट के उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता व सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपित फरार हो गए। सूचना पर डीएम अवनीश राय, एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब एक बजे सैजनी निवासी अजय प्रताप सिंह कुछ लोगों के साथ जबरन प्लांट पर घुस आया था। उसका सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा से पहले से नौकरी से निकाले जाने को लेकर विवाद चल रहा है। बताते हैं कि प्लांट में आने के बाद उसने गाली गलौज शुरू कर दी। इस पर दोनों अधिकारियों ने उसका विरोध किया।

गोली लगने के बाद दोनों अधिकारियों को घायल अवस्था में दातागंज सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एचपीसीएल प्लांट, दातागंज सीएचसी और जिला अस्पताल में पुलिस बल तैनात कर दिया गया हैं। प्लांट के अंदर किसी को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

Search

Archives