सोनभद्र। महाकुंभ से लौट रही बोलेरो को ट्रेलर ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं 7 लोग घायल हुए हैं। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के दरनखाड़ छत्तीसगढ़ बॉर्डर के पास ये हादसा हुआ। घटना में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही बोलेरो में सवार चार लोगों की मौत हो गई।
इस दर्दनाक घटना के बाद बोलेरो में फंसे 7 लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने अस्पताल भेज दिया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर और सारंगगढ़ निवासी थे और प्रयागराज में महाकुंभ से स्नान करके वापस रायपुर छत्तीसगढ़ लौट रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक बभनी थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ बॉर्डर के पास आज सुबह बोलेरो को तेज रफ्तार ट्रेलर ने ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में बोलेरो पर सवार लक्ष्मीबाई 30 वर्ष, अनिल प्रधान 37 वर्ष, ठाकुर राम यादव 58 वर्ष, रुक्मणी यादव 56 वर्ष की मौत हो गई है। जबकि बोलेरो में सवार रामकुमार यादव 33 वर्ष, दिलीपा देवी 58 वर्ष, अभिषेक यादव 4 वर्ष, अहान यादव 6 वर्ष, योगी लाल 36 वर्ष, हर्षित यादव ढाई वर्ष और सुरेन्द्री देवी 32 वर्ष घायल है।







