उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चित चेहरा और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान 23 महीने बाद मंगलवार को जेल से बाहर आ गए। उनकी रिहाई के साथ ही एक बड़ा सवाल फिर से खड़ा हो गया है, क्या आज़म खान लंबे समय तक बाहर रह पाएंगे या जल्द ही उन्हें दोबारा सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा?
दरअसल, योगी सरकार आने के बाद से ही आज़म खान पर कानूनी शिकंजा लगातार कसता चला गया। अब तक उनके खिलाफ कुल 104 मुकदमे दर्ज हुए हैं, जिनमें 12 मामलों में फैसला आ चुका है। 2020 में पहली गिरफ्तारी के बाद वे 27 महीने जेल में रहे। मई 2022 में जमानत पर बाहर आए, लेकिन महज 16 महीने बाद ही अक्टूबर 2023 में फर्जी प्रमाण पत्र मामले में फिर से जेल लौटना पड़ा।
यानी, सियासी गलियारों में उनकी मौजूदा रिहाई को लेकर जितनी खुशी है, उतनी ही चिंता भी। सवाल वही है कि आज़म खान कितने दिन जेल से बाहर रह पाएंगे?







