गाजियाबाद। पुलिस, एटीएस और आईबी की टीम ने गुरुवार को गाजियाबाद के मसूरी स्थित नाहल गांव से छह लोगों को गिरफ्तार किया। इन पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए लोगों में शावेज (20), जुनैद (23), फरदीन (22), इकराम (36), फजलू (48) और जावेद (45) शामिल हैं।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात : लोनी में यूट्यूबर सलीम स्वास्तिक पर हुए हमले के बाद पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान पता चला कि नाहल के ये छह व्यक्ति देश विरोधी भड़काऊ जानकारी फैला रहे थे। आरोपियों से मसूरी थाने में गहन पूछताछ की जा रही है। गांव में भी भारी पुलिसबल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अधिकारियों के स्तर पर इस पूरे मामले की निगरानी की जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। उनकी कॉल जानकारी पर भी पुलिस की टीम काम कर रही है। आईबी को यह इनपुट मिला है कि ये लोग लोनी के सलीम वास्तिक पर हमला करने वालों के संपर्क में थे।







