Google ने अपने नए मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम Android 16 को उम्मीद से पहले लॉन्च कर दिया है। सबसे पहले यह अपडेट पिक्सल डिवाइस पर उपलब्ध हुआ है। आमतौर पर Android अपडेट साल के अंत में आते हैं, लेकिन इस बार ऐपल के iOS 26 लॉन्च के अगले ही दिन इसे लॉन्च करना एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। आने वाले महीनों में अन्य एंड्रॉयड कंपनियों जैसे सैमसंग, वनप्लस आदि पर भी यह अपडेट मिलने की उम्मीद है।
एंड्रॉयड 16 में सबसे बड़ा बदलाव नोटिफिकेशन सिस्टम में हुआ है। अब यूजर फूड डिलीवरी और राइड ऐप्स से रीयल-टाइम में जानकारी पा सकेंगे, बिना बार-बार ऐप खोले। गूगल सैमसंग, वनप्लस जैसे ब्रांड्स के साथ मिलकर इन फीचर्स को और डिवाइस में लाने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही, नोटिफिकेशन को ऑटोमैटिकली ग्रुप किया जाएगा, जिससे मोबाइल स्क्रीन कम अव्यवस्थित लगेगी और यूजर्स को सटीक जानकारी मिलेगी।
गूगल ने एंड्रॉयड 16 में सुनने वाले उपकरणों के लिए सपोर्ट को बेहतर किया है। अब यूजर्स अपने फोन के माइक्रोफोन का उपयोग करके कॉल में बैकग्राउंड शोर से बच सकते हैं। इसके साथ ही अब फोन में ही वॉल्यूम जैसी सेटिंग्स को कंट्रोल करने की सुविधा मिलेगी। इससे उपकरण यूजर्स को ज्यादा स्पष्ट आवाज मिलेगी और उन्हें अलग ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे अनुभव ज्यादा सहज होगा।
एंड्रॉयड 16 में एक नया हाई-सिक्योरिटी मोड जोड़ा गया है, जिसे ‘एडवांस्ड सिक्योरिटी’ कहा गया है। यह उन लोगों के लिए है जो साइबर खतरों से अधिक सुरक्षा चाहते हैं। यह फीचर स्कैम कॉल, खतरनाक वेबसाइट और दुर्भावनापूर्ण ऐप्स को ब्लॉक करता है। इसे किसी भी यूजर द्वारा एक्टिव किया जा सकता है। यह फीचर खासतौर पर पब्लिक फिगर या हाई रिस्क यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है, लेकिन सभी को इसका फायदा मिल सकता है।
एंड्रॉयड 16 अब फोल्डेबल और टैबलेट डिवाइस पर डेस्कटॉप जैसा अनुभव देगा। गूगल ने ‘डेस्कटॉप विंडोइंग’ फीचर जोड़ा है, जिससे एक साथ कई ऐप खोलने, उनका आकार बदलने और मूव करने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, टास्कबार ओवरफ्लो टूल और कीबोर्ड शॉर्टकट जैसे फीचर्स जल्द आने वाले हैं। HDR स्क्रीनशॉट, अडैप्टिव रिफ्रेश रेट और आइडेंटिटी चेक जैसे फीचर्स भी एंड्रॉयड 16 में जोड़े गए हैं।







