श्रीलंका क्रिकेट टीम इस समय जिम्बाब्वे में है और ODI सीरीज एकतरफा जीतने के बाद अब T20I सीरीज खेलने के लिए तैयार है। श्रीलंका की टीम जिम्बाब्वे दौरे पर 3 मैचों की T20I सीरीज खेलेगी, जिसका 3 सितंबर से आगाज होगा। इस सीरीज के लिए मेजबान जिम्बाब्वे ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। जिम्बाब्वे ने श्रीलंका के खिलाफ 16 सदस्यीय टीम का चयन किया है। टीम की कमान धाकड़ ऑलराउंडर सिकंदर रजा को सौंपी गई है। सिकंदर इससे पहले न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ ट्राई सीरीज में कप्तानी करते नजर आ चुके हैं। हालांकि, उस सीरीज में टीम को अपने सभी चारों मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा था।
लंबे समय बाद सीन विलियम्स का कमबैक- इस T20I टीम में अनुभवी ऑलराउंडर सीन विलियम्स की लंबे समय बाद वापसी हुई है। उन्होंने आखिरी बार 12 मई 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ T20 इंटरनेशनल मैच खेला था। अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर भी टीम में वापसी कर रहे हैं, जिन्हें खेल के सबसे छोटे प्रारूप से लंबे समय तक बाहर रहने के बाद T20I टीम में वापस बुलाया गया है।
हरारे में खेले जाएंगे तीनों T20I- ब्रैड इवांस और तदिवानाशे मारुमानी को भी टीम में जगह दी गई है। वहीं, पिछले महीने न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ ट्राई सीरीज में खेलने न्यूमैन न्यामहुरी, वेस्ली मधेवेरे, विंसेंट मसेकेसा और तफदजवा त्सिगा को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। श्रीलंका के खिलाफ T20I सीरीज के तीनों मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। यह सीरीज इस महीने के अंत में हरारे में आयोजित होने वाले ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप अफ्रीका क्वालीफायर से पहले जिम्बाब्वे की तैयारी के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।
श्रीलंका के खिलाफ T20I सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, ट्रेवर ग्वांडू, क्लाइव मदांडे, टिनोटेन्डा मापोसा, तदिवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, ब्रेंडन टेलर, सीन विलियम्स।
श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे T20I सीरीज का शेड्यूल
- 3 सितंबर: पहला T20I मैच, हरारे
- 6 सितंबर: दूसरा T20I मैच, हरारे
- 7 सितंबर: तीसरा T20I मैच, हरारे
जिम्बाब्वे की टीम को हाल ही में 2 मैचों की ODI सीरीज में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। श्रीलंका ने दोनो ODI में जिम्बाब्वे को बहुत बुरी तरह हराया था। पहले मैच में जिम्बाब्वे को 7 रन और दूसरे मुकाबले में 5 विकेट हार का मुंह देखना पड़ा था। अब मेजबान टीम के पास ODI सीरीज की हार का बदला लेने का शानदार मौका होगा।







