Home » IND vs SA : मैच के दौरान आखिर ऐसा क्या हुआ था कि कुछ समय के लिए रोकना पड़ गया मुकाबला
खेल

IND vs SA : मैच के दौरान आखिर ऐसा क्या हुआ था कि कुछ समय के लिए रोकना पड़ गया मुकाबला

IND vs SA: भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को अहमदाबाद के मैदान पर खेले गए टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में 30 रनों से मात देने के साथ इस सीरीज को 3-1 से अपने नाम कर लिया है। लेकिन क्या आप जानते हैं मैच के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि कुछ समय के लिए मैच को रोकना पड़ा था। दरअसल भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद टी20 मैच में संजू सैमसन के शॉट पर मैदान अंपायर रोहन पंडित काफी बुरी तरह से चोटिल हो गए, जिसके बाद मुकाबले को थोड़ी देर के लिए रोकना भी पड़ा।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 231 रनों का स्कोर बनाया । वहीं टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में संजू सैमसन की भी वापसी देखने को मिली, जिसमें उनके एक शॉट पर मैदानी अंपायर रोहन पंडित काफी बुरी तरह से चोटिल हो गए थे।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम जब पहले बल्लेबाजी कर रही थी तो उसमें 9वें ओवर के दौरान जो अफ्रीकी टीम की तरफ से डोनोवन फरेरा फेंक रहे थे, उनकी ऑफ स्टम्प के आसपास फुल लेंथ गेंद पर संजू सैमसन ने जोर से सीधा शॉट मारा, जिस पर फरेरा ने कैच लेने का प्रयास किया लेकिन गेंद उनके हाथों से फिसल गई और सीधे जाकर अंपायर रोहन पंडित के घुटने पर जा लगी। गेंद लगते ही रोहन पंडित दर्द से कराहते हुए कुछ कदम चले और फिर नीचे बैठ गए।

इसके बाद तुरंत ही मैदान पर साउथ अफ्रीकी टीम के फीजियो जहां उन्हें देखने के लिए पहुंचे तो टीम इंडिया के फीजियो भी मैदान पर आ गए, जिसके चलते मुकाबले को थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा। हालांकि बाद में रोहित पंडित के घुटने पर जब मैजिक स्प्रे लगाया तो उसके बाद उन्हें काफी राहत मिली और मुकाबला फिर शुरू किया गया।

संजू सैमसन ने अंपायर से मांगी माफी

फील्ड अंपायर रोहन पंडित को जब गेंद उनके घुटने पर लगी तो संजू सैमसन भी थोड़ी देर के लिए घबरा गए थे, जिसके बाद जैसे वह ठीक हुए तो उन्होंने अंपायर से जाकर उनका हालचाल जाना और फिर उनसे माफी भी मांगी। इंटरनेशनल मैच में ऐसा काफी कम ही देखने को मिलता है, जब किसी बल्लेबाज के शॉट पर अंपायर इस तरह चोटिल हो जाए।

Search

Archives