Home » T20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल : भारत और इंग्लैंड के बीच होगी टक्कर, सैमसन को आर्चर से रहना होगा सावधान
खेल

T20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल : भारत और इंग्लैंड के बीच होगी टक्कर, सैमसन को आर्चर से रहना होगा सावधान

IND vs ENG: T20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड का मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने जा रहा है। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में फैंस की निगाहें सबसे ज्यादा संजू सैमसन और जोफ्रा आर्चर के बीच होने वाले टकराव पर होंगी।

संजू सैमसन ने पिछले मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली थी और भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया था। अब एक बार फिर फैंस की उम्मीदें संजू सैमसन पर टिकी होंगी। संजू ने कैरेबियाई गेंदबाजों का बखूबी सामना किया था, लेकिन इस बार उनका सामना इंग्लैंड के खतरनाक तेज गेंदबाजी से होगा, जिसमें जोफ्रा आर्चर जैसे धाकड़ गेंदबाज शामिल हैं। वानखेड़े की पिच पर आर्चर भारतीय सलामी बल्लेबाज के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं।

संजू बनाम आर्चर :  दरअसल, जोफ्रा आर्चर का रिकॉर्ड संजू सैमसन के खिलाफ काफी प्रभावशाली रहा है। T20I में सैमसन ने आर्चर की 23 गेंदों का सामना किया, लेकिन केवल 25 रन ही बना सके हैं। इस दौरान आर्चर ने संजू को तीन बार अपना शिकार बनाया है। ये आंकड़े साफ बता रहे हैं कि भारतीय सलामी बल्लेबाज के लिए आर्चर का सामना आसान नहीं होगा, खासकर तब जब टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर टूर्नामेंट में अब तक कुछ खास नहीं कर पाया है। ऐसे में इस टकराव का असर पूरे मैच पर पड़ सकता है। अगर सैमसन आर्चर की गेंदों का अच्छे से सामना करने में कामयाब हो जाते हैं, तो भारत को मजबूत शुरुआत मिल सकती है। वहीं, अगर आर्चर का दबाव काम करता है, तो इंग्लैंड को मैच में बढ़त मिल सकती है।

फाइनल का टिकट दांव पर :  दोनों टीमों के फॉर्म की बात करें तो इंग्लैंड ने टूर्नामेंट की धीमी शुरुआत के बावजूद शानदार वापसी की और अब वे डिफेंडिंग चैंपियन भारत के खिलाफ अपनी पकड़ बनाए रखना चाहेंगे। भारत ने अब तक T20 वर्ल्ड कप 2026 में केवल एक मैच गंवाया है, वो भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ, जिसे न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इससे साफ है कि 5 मार्च का मुकाबला न सिर्फ दोनों टीमों के फाइनल की राह तय करेगा, बल्कि संजू सैमसन और जोफ्रा आर्चर के बीच का यह टकराव पूरे मैच पर असर डाल सकता है। फैंस को अब मुंबई में एक हाई-वोल्टेज और रोमांचक मुकाबले का इंतजार है।

Search

Archives