BAN vs SL : श्रीलंका ने बांग्लादेश को छह विकेट से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। शनिवार को ग्रुप बी का मुकाबला अबु धाबी में खेला गया, जिसमें टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 139 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 14.4 ओवर में चार विकेट पर 140 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
श्रीलंका की पारी- 140 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत झटके के साथ हुई। कुसल मेंडिस को दूसरे ओर की पांचवीं गेंद पर मुस्तफिजुर रहमान ने लिटन दास के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ तीन रन बना पाए। हालांकि, इसके बाद मोर्चा पथुम निसांका और कामिल मिश्रा ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 95 रनों की साझेदारी हुई। इस पार्टनरशिप को मेहदी हसन ने तोड़ा। उन्होंने निसांका को अपना शिकार बनाया। वह 34 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, कामिल मिश्रा अंत तक डटे रहे और 46 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित की। इस नाबाद पारी के दौरान उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान चरिथ असलांका 10 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा कुसल परेरा ने नौ और दसुन शनाका ने एक रन बनाया। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन ने दो विकेट झटके जबकि मुस्तफिजुर रहमान और तंजीम हसन साकिब को एक-एक सफलता मिली।
बांग्लादेश की पारी- इससे पहले बांग्लादेश की शुरुआत झटके से हुई थी। तंजीद हसन और परवेज हुसैन इमोन की सलामी जोड़ी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गई। इसके बाद तौहीद हृदोय आठ रन बनाकर रनआउट हो गए जबकि मेहदी हसन नौ रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। टीम को पांचवां झटका कप्तान लिटन दास के रूप में लगा, जिन्हें वानिंदु हसरंगा ने अपना शिकार बनाया। वह 26 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंका के खिलाफ छठे विकेट के लिए जाकिर अली और शमीम हुसैन के बीच 61 गेंदों में 86 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। दोनों क्रमश: 41 और 42 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए वानिंदु हसरंगा ने दो विकेट झटके जबकि नुवान तुषारा और दुष्मंथा चमीरा ने एक-एक विकेट झटके।







