श्रीलंका ने अफगानिस्तान को रोमांचक मुकाबले में छह विकेट से हराकर सुपर-4 में जगह बना ली। गुरुवार को अबु धाबी में खेले गए एशिया कप के 11वें मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ने मोहम्मद नबी की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में आठ विकेट 169 रन बनाए।
जवाब में श्रीलंका ने 18.4 ओवर में चार विकेट पर 171 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस दौरान कुसल मेंडिस ने नाबाद 74 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, अफगानिस्तान के लिए मुजीब उर रहमान, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी और नूर अहमद ने एक-एक विकेट झटके। इससे पहले अफगानिस्तान के लिए नुवान तुषारा ने चार विकेट झटके थे जबकि दुष्मंथा चमीरा, दुनिथ वेलालागे और दसुन शनाका को एक-एक सफलता मिली।
अफगानिस्तान की पारी- अफगानिस्तान की इस मैच में शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहला विकेट 26 रन पर गंवाया, जब रहमनुल्लाह गुरबाज आउट हुए। इसके बाद 32 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। नुवान तुषारा ने करीम जनत को बोल्ड किया, जो सिर्फ 1 रन बना सके। तुषारा ने ही तीसरा विकेट भी लिया। उन्होंने सेदिकुल्लाह अटल को बोल्ड किया, जो 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथा झटका दुष्मंथा चमीरा ने दिया। उन्होंने डारविश रसूली को कुसल परेरा के हाथों कैच कराया। रसूली ने 9 रन बनाए।
इसके बाद 12वें ओवर में दसुन शनाका ने अजमतुल्लाह उमरजई को बोल्ड किया। वह केवल 6 रन ही बना पाए। छठा विकेट इब्राहिम जादरान का गिरा, जिन्हें वेलालागे ने आउट किया। उन्होंने 24 रन बनाए। कप्तान राशिद खान को भी तुषारा ने बोल्ड किया। राशिद ने 23 गेंदों पर 24 रन बनाए। 137 रन पर सात विकेट खो चुकी अफगानिस्तान की टीम को मोहम्मद नबी ने संभाला। उन्होंने आखिरी ओवर में 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के लगाए और स्कोर को 170 के करीब पहुंचा दिया। नबी ने तूफानी बल्लेबाज़ी करते हुए केवल 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 22 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुए।
इस विशेष सूची में शामिल हुए नबी – नबी अब पूर्ण सदस्यीय देशों के उन चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शुमार हुए, जिन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के एक ओवर में लगातार 5 या अधिक छक्के लगाए हैं। बता दें कि भारत के युवराज सिंह और वेस्टइंडीज के कीरोन पोलार्ड एक ओवर में लगातार 6 छक्के जड़ चुके हैं। वहीं, डेविड मिलर और संजू सैमसन एक ओवर के दौरान लगातार 5 छक्के लगाने का कारनामा कर चुके हैं।
नबी ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स- नबी ने सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह अफगानिस्तान से टी-20 में संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने अजमतुल्लाह उमरजई (20 गेंद) के रिकॉर्ड की बराबरी की। 40 साल और 260 दिन की उम्र में नबी ने ये अर्धशतक लगाया। वह पूर्ण सदस्यीय देशों के बल्लेबाजों में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बने। क्रिस गेल ने 41 साल और 294 दिन की उम्र में 50+ रन बना चुके थे।







