मसूरी (देहरादून)। क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन साक्षी पंत की शादी समारोह में मसूरी में क्रिकेटरों और बॉलीवुड के सितारों का जमावड़ा लगा है। समारोह में शिरकत करने के लिए भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर भी मसूरी पहुंचे हैं। समारोह में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना और ऋषभ पंत जमकर झूमे।
फेरे की रस्म 12 मार्च यानी बुधवार देर शाम तक चली। सभी ने साक्षी को आशीर्वाद दिया। बुधवार को शहर के लाइब्रेरी चौक स्थित एक होटल में आयोजित शादी समारोह में दो दिनों से क्रिकेट और बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा लगा है। शादी समारोह में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना और ऋषभ पंत पंजाबी, हिंदी गीतों पर जमकर थिरके। मंगलवार को देर रात तक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वहीं देर शाम को वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए क्रिकेटर और बॉलीवुड सितारे समारोह स्थल पर पहुंचे और नवदंपती साक्षी और अंकित को अपना आशीर्वाद दिया। समारोह में देर शाम को जमकर आतिशबाजी हुई। ढोल-नगाड़ों के साथ क्रिकेटरों सहित अन्य मेहमानों ने जमकर डांस किया।

कौन है साक्षी का दूल्हा?
लखनऊ सुपर जाएंट्स के नए कप्तान ऋषभ पंत की बहन साक्षी उद्योगपति अंकित चौधरी के साथ सात फेरे ली। वह लंदन की एक निजी कंपनी के बोर्ड ऑफ डॉयरेक्टर हैं। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और पिछले साल जनवरी में अंकित और साक्षी की सगाई हुई थी। इस शादी में करीबी रिश्तेदारों और खास दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया।
आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं पंत
ऋषभ पंत हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद बहन की शादी के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पहुंचे । वह 22 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल के 18वें सत्र में लखनऊ के लिए खेलते नजर आएंगे। पिछले सत्र तक दिल्ली की कमान संभालने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज अब लखनऊ का नेतृत्व करेंगे। मेगा नीलामी में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं।







