Home » Junior Hockey World Cup : 28 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच चेन्नई और मदुरै में खेला जाएगा मैच, इतनी टीमें ले रही भाग
खेल

Junior Hockey World Cup : 28 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच चेन्नई और मदुरै में खेला जाएगा मैच, इतनी टीमें ले रही भाग

चेन्नई जूनियर पुरूष हॉकी विश्व कप 28 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै में खेला जाएगा। मेजबान भारतीय टीम अभियान का आगाज 28 नवंबर को चिली के खिलाफ करेगी। पहली बार टूर्नामेंट में 24 टीमें भाग ले रही हैं । टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 24 टीमों में पाकिस्तान भी शामिल है जिसे पहला मैच स्विटजरलैंड से 28 नवंबर को चेन्नई में खेलना है।

एफआईएच अध्यक्ष तैयब इकराम, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री टी उदयनिधि स्टालिन, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की और महासचिव भोलानाथ सिंह की मौजूदगी में आयोजित एक समारोह में टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा की गई।

पाकिस्तान ने हालांकि अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेना के आपरेशन सिंदूर के मद्देनजर सुरक्षा कारणों का हवाला देकर बिहार के राजगीर में रविवार को समाप्त हुए एशिया कप में अपनी टीम नहीं भेजी थी। हालांकि भारत ने कहा था कि पाकिस्तानी टीम को वीजा मुहैया कराया जाएगा।

भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर एशिया कप खिताब जीता और अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई किया। भारत और पाकिस्तान का सामना 29 नवंबर को चेन्नई में होना है। भारतीय टीम दो दिसंबर को चेन्नई में स्विटजरलैंड से खेलेगी।

सभी 24 टीमों को चार चार के छह पूल में बांटा गया है। भारत को पूल बी में पाकिस्तान, चिली और स्विटजरलैंड के साथ रखा गया है। हर ग्रुप की शीर्ष टीम और दो सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। इसके बाद से नॉकआउट आधार पर मैच खेले जाएंगे। भारत ने 2001 में होबर्ट में और 2016 में लखनऊ में जूनियर विश्व कप जीता है। जर्मनी टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है जिसने सात बार खिताब जीता है।

Search

Archives