अहमदाबाद। आज अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद गुजरात टाइटंस का सामना 10वें स्थान पर मौजूद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से हो रहा है। दोनों टीमों का ग्रुप चरण में ये आखिरी मुकाबला है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने डेवोन कॉनवे के बाद डेवाल्ड ब्रेविस के शानदार अर्धशतक की बदौलत गुजरात के सामने जीत के लिए 231 रनों का लक्ष्य रखा है। ब्रेविस ने महज 19 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जिससे सीएसके 20 ओवर में पांच विकेट पर 230 रन बनाने में सफल रही। सीएसके ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और उसके लिए कॉनवे तथा ब्रेविस ने अर्धशतक जड़े। ब्रेविस ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जिस कारण सीएसके 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आयुष म्हात्रे और कॉनवे ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की। म्हात्रे रंग में नजर आ रहे थे, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें आउट किया। म्हात्रे 17 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कॉनवे ने उर्विल पटेल के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी निभाई जिसे साई किशोर ने उर्विल को आउट कर तोड़ा। उर्विल 19 गेंदों पर 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर शाहरुख खान ने शिवम दुबे को आउट किया जो 17 रन बनाकर आउट हुए।







