Home » भारत ने चार विकेट से जीता पहला वनडे, इंग्लैंड को हराया
खेल

भारत ने चार विकेट से जीता पहला वनडे, इंग्लैंड को हराया

India vs England 1st ODI. शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल के अर्द्धशतकों की मदद से भारत ने इंग्लैंड को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हुए सीरीज के पहले मुकाबले में 4 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड से मिले 249 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही और भारत ने 19 के स्कोर पर जायसवाल और रोहित के विकेट गंवा दिए, लेकिन इसके बाद गिल और अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी कर भारत को जीत की पटरी पर ला दिया।

भारत के लिए शुभमन गिल ने 96 गेंदों में 87 रन बनाए. अपनी पारी के दौरान उन्होंने 14 चौके लगाए। वहीं श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में 9 चौके और दो छक्कों के दम पर 59 रन और अक्षर पटेल ने 47 गेंदों में छह चौके और एक छक्के के दम पर 52 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए  साकिब महमूद और आदिल राशिद ने दो-दो विकेट झटके। इससे पहले, इंग्लैंड 248 रनों पर ऑल-आउट हो गई और भारत को जीत के लिए 249 रनों का लक्ष्य दिया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही थी, फिलिप सॉल्ट और बेन डकेट की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी की। लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और इंग्लैंड की टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। इंग्लैंड के लिए जोस बटलर ने 52 तो जैकब बेथेल ने 51 रनों की पारी खेली। इसके अलावा फिल सॉल्ट ने 43 रनों की पारी खेली। भारत के लिए डेब्यू कर रहे हर्षित राणा ने 53 रन देते हुए 3 और रवींद्र जडेजा ने 26 रन देते हुए 3 विकेट झटके।

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें- 

भारत प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जड़ेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी।

इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन: बेन डकेट, फिलिप सॉल्ट (विकेटकीपर), जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जैकब बेथेल, ब्रायडन कार्से, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद।

Search