Home » भारत ने तीसरे वनडे में भी इंग्लैंड को हराया, 3-0 से सीरीज किया अपने नाम
खेल

भारत ने तीसरे वनडे में भी इंग्लैंड को हराया, 3-0 से सीरीज किया अपने नाम

IND vs ENG 3rd ODI : भारत ने इंग्लैंड को तीसरे वनडे में 142 रन से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुभमन गिल की शतकीय और विराट कोहली की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 50 ओवर में 10 विकेट पर 356 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 34.2 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 214 रन बना सकी।  इसके साथ ही भारतीय टीम ने इंग्लैंड का वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया। इंग्लैंड को उसने नागपुर और कटक वनडे में भी एकतरफा अंदाज में हराया था। बता दें पूरे 14 सालों के बाद भारत ने इंग्लैंड का वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी हुई। फिल सॉल्ट और बेन डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी हुई जिसे अर्शदीप सिंह ने तोड़ा। उन्होंने डकेट को सातवें ओवर में अपना शिकार बनाया। वह 22 गेंदों में 34 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इसके बाद तेज गेंदबाज ने नौवें ओवर में सॉल्ट को आउट किया। वह 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मोर्चा टॉम बैंटन और जो रूट ने संभाला। दोनों के बीच 46 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, यह साझेदारी ज्यादा बड़ी नहीं हो सकी और कुलदीप यादव ने बैंटन को अपना शिकार बनाकर इसे तोड़ दिया। दाएं हाथ के बल्लेबाज इस मैच में 38 रन बनाकर आउट हुए। इस मुकाबले में इंग्लैंड के लिए रूट 24, ब्रूक 19, बटलर छह, लिविंगस्टोन नौ, आदिल रशीद शून्य, वुड नौ, एटकिंसन 38 और साकिब ने दो रन* बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट चटकाया।

शुभमन गिल ने शतक, विराट और अय्यर ने अर्धशतक जड़ा
भारत ने अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में शुभमन गिल के शतक और विराट कोहली तथा श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की मदद से वनडे में दूसरा सर्वाधिक स्कोर बनाया। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट स्पिनर आदिल राशिद ने लिए। भारत की ओर से गिल ने 102 गेंदों पर 14 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 112 रन बनाए, जबकि श्रेयस ने 78 रन और कोहली ने 52 रनों की पारी खेली। पांचवें नंबर पर उतरे केएल राहुल 40 रन बनाकर आउट हुए।

रोहित एक रन बनाकर आउट हुए- पिछले मैच में शतक लगाने वाले कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में सस्ते में आउट हुए, लेकिन गिल और कोहली ने पहले भारत को संभाला, फिर शुभमन ने श्रेयस के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। शुभमन और श्रेयस जब बल्लेबाजी कर रहे थे तो लग रहा था कि टीम 400 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल रहेगी, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद इंग्लैंड कुछ हद तक वापसी करने में सफल रहा।

अर्धशतक से चूके राहुल- पांचवें नंबर पर उतरे राहुल ने भी इस मैच में दम दिखाया, लेकिन वह अर्धशतक लगाने से चूक गए। निचले क्रम के बल्लेबाज उपयोगी योगदान नहीं दे सके, पर भारतीय टीम 350 का आंकड़ा पार करने में सफल रही। इंग्लैंड के लिए राशिद के अलावा मार्क वुड ने दो विकेट लिए, जबकि साकिब महमूद, गस एटकिंसन और जो रूट को एक-एक विकेट मिला।

Search

Archives