कोलंबो। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की मैच फिटनेस को लेकर शनिवार को ट्रेनिंग के बाद फैसला हो सकता है। भारत का सामना टी20 विश्व कप में रविवार को पाकिस्तान से होना है और इससे पहले सभी के मन में यही सवाल है कि अभिषेक इस मुकाबले में खेल पाएंगे या नहीं। अभिषेक शुक्रवार को टीम के साथ कोलंबो पहुंचे हैं, लेकिन उनका इस मैच में हिस्सा लेना इस बात पर निर्भर करता है कि वह पेट के संक्रमण से उबर पाते हैं या नहीं।
नामीबिया के खिलाफ नहीं खेले थे अभिषेक : नई दिल्ली में एक निजी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बावजूद अभिषेक गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ भारत के मैच में नहीं खेल पाए थे। भारत शनिवार को शाम को कोलंबो में नेट सत्र में हिस्सा लेगा और आखिरी फैसला लेने से पहले अभिषेक की फिटनेस पर करीब से नजर रखी जाएगी। नामीबिया के खिलाफ टॉस के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि अभिषेक अब तक बीमारी से पूरी तरह नहीं उबरे हैं और वह एक या दो मैचों से बाहर रह सकते हैं। इससे यह संकेत मिले थे कि अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बाहर हो सकते हैं।
इस बीच, अभिषेक के माता-पिता भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले कोलंबो पहुंच गए। उनके माता-पिता एशिया कप के दौरान दुबई में भी मौजूद थे। अगर अभिषेक अब भी उपलब्ध नहीं रहते हैं तो भारत या तो संजू सैमसन के साथ या फिट हो चुके वॉशिंगटन सुंदर को ईशान किशन के साथ शीर्ष पर खिला सकता है।







