आईसीसी ने नवंबर महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड में नॉमिनेट होने वाले प्लेयर्स की लिस्ट का ऐलान कर दिया है। नवंबर 2025 महीने में इंटरनेशनल क्रिकेट में काफी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले जिसमें महिला वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल मैच भी शामिल था। इस दौरान कई प्लेयर्स ने अपने प्रदर्शन के दम पर सभी को काफी प्रभावित भी किया। आईसीसी की तरफ से पुरुष कैटेगिरी में नॉमिनेट किए गए तीन प्लेयर्स में एक भी भारतीय खिलाड़ी का नाम शामिल नहीं है, लेकिन महिला प्लेयर्स के नॉमिनेशन में एक भारतीय प्लेयर का नाम शामिल है जो ओपनिंग बल्लेबाज शेफाली वर्मा का है।
पुरुष कैटेगिरी में इन तीन प्लेयर्स को किया गया नॉमिनेट- प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नवंबर महीने में पुरुष वर्ग में नॉमिनेट हुए तीन प्लेयर्स को लेकर बात की जाए तो उसमें पहला नाम साउथ अफ्रीकी टीम के स्पिनर साइमन हार्मर का नाम शामिल है जिन्होंने भारत के दौरे पर खेली गई 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में गेंद से काफी शानदार प्रदर्शन किया था। हार्मर ने इस टेस्ट सीरीज में 8.94 के औसत से 17 विकेट हासिल किए थे, जिसके दम पर वह प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी जीतने में कामयाब हुए थे। इसके बाद दूसरा नाम बांग्लादेश टीम के स्पिन गेंदबाज तैजुल इस्लाम का नाम है जिन्होंने आयरलैंड के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज में कुल 13 विकेट अपने नाम किए। तीसरा नाम पाकिस्तानी टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी मोहम्मद नवाज का है जिन्होंने टी20 ट्राई सीरीज में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार खेल नवंबर महीने में दिखाया था।







