Home » भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन : भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 101 रनों से हराया
खेल

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन : भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 101 रनों से हराया

कटक । कटक में खेले गए पहले टी-20 मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को 101 रनों से हराया। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका के सामने 176 रन का टारगेट रखा था। जवाब में अफ्रीकी टीम 12.3 ओवर में 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह साउथ अफ्रीका के लिए उनके टी-20 इतिहास का सबसे लोएस्ट स्कोर है। इससे पहले उनका लोएस्ट स्कोर 87 रन का था। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने इस तरह बड़ी जीत दर्ज करते हुए पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद नियमित रूप से विकेट गंवाए और उसका कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी इतनी खराब रही कि उसके सिर्फ चार बल्लेबाज दहाई अंक का आंकड़ा छू सके। दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए, जबकि कप्तान एडेन मार्करम ने 14, ट्रिस्टन स्टब्स ने 14 और मार्को यानसेन ने 12 रन बनाए।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। वहीं, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता मिली। दिलचस्प बात यह रही कि भारत के सभी गेंदबाजों को सफलताएं मिली। इस दौरान बुमराह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे किए और वह ऐसा करने वाले अर्शदीप के बाद भारत के दूसरे गेंदबाज बने।

Search

Archives