Home » भारत-इंग्लैंड के बीच खेला गया चौथा टेस्ट ड्रा पर हुआ खत्म, कोच गंभीर ने पंत के जज्बे को किया सलाम, BCCI ने शेयर किया वीडियो
खेल

भारत-इंग्लैंड के बीच खेला गया चौथा टेस्ट ड्रा पर हुआ खत्म, कोच गंभीर ने पंत के जज्बे को किया सलाम, BCCI ने शेयर किया वीडियो

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया चौथा टेस्ट मैच ड्रा पर खत्म हुआ। मैच भले ही ड्रा पर समाप्त हुआ हो, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने जिस तरीके का प्रदर्शन किया उसकी हर जगह तारीफ हो रही है।

शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के शतकों की बदौलत भारत ने मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट को ड्रॉ करा लिया। हालांकि, इसकी नींव पहली पारी में ऋषभ पंत ने रखी थी। वह पैर की टूटी अंगुली के साथ बल्लेबाजी के लिए आए थे और अर्धशतक बनाकर पवेलियन लौटे थे। उनके जज्बे को हर किसी ने सलाम किया था। गंभीर ने मैनचेस्टर टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद ड्रेसिंग रूम में भी पंत के जज्बे की सराहना की।

बीसीसीआई (BCCI) ने खास पलों का वीडियो शेयर किया है। इसमें गंभीर कहते हैं, ‘पंत ने जो इस मैच में साहस दिखाया है, इस टेस्ट टीम की नींव इसी बात पर निर्भर करेगी। मुझे किसी एक इंसान के बारे में बात करने से नफरत है। मैंने कभी टीम के खेल में किसी शख्स के बारे में बात नहीं की है। आपने न केवल इस ड्रेसिंग रूम को प्रेरित किया है, बल्कि अगली पीढ़ी को प्रेरित किया है। यह एक विरासत है जो आपने अपने लिए और इस ड्रेसिंग रूम में सभी के लिए बनाई है। हम सभी ये कहना चाहते हैं कि आपने बहुत-बहुत अच्छा काम किया है और देश को आप पर हमेशा गर्व रहेगा।’

उपकप्तान पंत भी वीडियो में बोलते हुए दिखे। उन्होंने कहा कि वह बल्लेबाजी के लिए इसलिए उतरे क्योंकि सभी को बताना चाहते थे वह अपनी टीम को जिताने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। पंत ने कहा कि वह किसी भी व्यक्तिगत लक्ष्य के बारे में नहीं सोच रहे थे। उन्होंने कहा, ‘टीम ने जिस तरह से मेरा समर्थन किया वह शानदार है। टीम दबाव में थी,..या जैसे भी माहौल था, लेकिन जब पूरा देश एक ही कारण से आपके साथ खड़ा है, उस भावना को समझा पाना मुश्किल है। मुझे अपने देश का प्रतिनिधित्व करने पर कितना गर्व महसूस हो रहा है, ये मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मैं अपनी टीम को केवल यही संदेश देना चाहता हूं कि अगला टेस्ट जीतो। हमें देश के लिए जीतना होगा।’

सुंदर ने भी की पंत की तारीफ- ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने भी पंत के पैर में सूजन का जिक्र किया और उन्हें ‘देश का बेटा’ करार दिया। सुंदर ने कहा, ‘टूटे पैर की अंगुली के साथ मैदान पर आना…दर्द के बावजूद बल्लेबाजी करना…वह क्या महसूस कर रहे होंगे, इसे मैं शब्दों में नहीं बता सकता। मैंने भी उनका पैर देखा है। वह बुरी तरह से सूज गया था। मुझे लगता है कि उनके लिए तब चल पाना भी मुश्किल था, लेकिन उन्होंने इससे कहीं अधिक किया। मुझे लगता है कि पूरे देश को उन पर गर्व है और मैं कहूंगा कि वह देश के बेटे हैं।’  गंभीर ने इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी पंत की जमकर तारीफ की थी।
पंत की जगह जगदीशन टीम में शामिल- पंत अगले टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। नारायण जगदीशन उन्हें टीम में रिप्लेस करेंगे। 31 जुलाई से सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट लंदन के ओवल में खेला जाएगा। पंत ने सीरीज को दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में समाप्त किया। उन्होंने चार मैचों की सात पारियों में 479 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 68.42 का रहा। उन्होंने दो शतक और तीन अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 134 रन का रहा।

Search

Archives