भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून से यानी शुक्रवार से खेला जाएगा। इसी के साथ इंग्लैंड की टीम नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र (2025-27) की शुरुआत करेगी। हेडिंग्ले में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए ईसीबी ने प्लेइंग 11 का एलान कर दिया है। इस टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण है।
भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने प्लेइंग 11 की घोषणा कर दी। बुधवार को ईसीबी ने बताया कि बेन स्टोक्स के नेतृत्व में भारत के खिलाफ हेडिंग्ले में खेलने के लिए तैयार है। इसमें क्रिस वोक्स की वापसी हुई है, जिन्हें आखिरी बार दिसंबर में खेलते देखा गया था। वहीं, ब्रायडन कार्स पहली बार घरेलू धरती पर खेलते नजर आएंगे।
आर्चर और वुड की खलेगी कमी – इंग्लैंड हाल के दिनों में अपने सबसे कम अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण के साथ पहले मैच में उतरेगा जिसमें जेम्स एंडरसन संन्यास ले चुके हैं जबकि जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड की जोड़ी चोटिल है जिससे ब्रायडन कार्स और क्रिस वोक्स जैसे गेंदबाजों को अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी पड़ेगी।







