एशिया कप 2025 के लिए भारत और पाकिस्तान के स्क्वॉड की घोषणा हो चुकी है। एशिया कप की शुरुआत नौ सितंबर से होगी जबकि फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा। एशिया कप संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मुकाबला रविवार (14 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में हैं। ऐसे में रविवार (21 सितंबर) को सुपर 4 मैच में फिर से उनके आमने-सामने होने की उम्मीद है।
आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया- एशिया कप में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं। ग्रुप ए में इन दोनों टीमों के अलावा यूएई और ओमान की टीमें शामिल हैं। वहीं, ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग की टीमें शामिल हैं। इस टूर्नामेंट में कुल 19 मुकाबले खेले जाएंगे। मैच दुबई और अबू धाबी में खेले जाएंगे।
| ग्रुप ए | ग्रुप बी |
| भारत | श्रीलंका |
| पाकिस्तान | बांग्लादेश |
| यूएई | अफगानिस्तान |
| ओमान | हांगकांग |
टूर्नामेंट का मेजबान BCCI – बीसीसीआई इस टूर्नामेंट का मेजबान है। टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात में इसलिए हो रहा है, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव के कारण दोनों देशों ने 2027 तक केवल तटस्थ स्थानों पर ही मैच खेलने पर आपसी सहमति जताई है। इसी के तहत इसी साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी का मेजबान पाकिस्तान था, पर भारत ने सारे मुकाबले दुबई में खेले थे और चैंपियनशिप अपने नाम की थी।
एशिया कप 2025 के लिए अब तक सिर्फ दो टीमों का एलान हुआ है, इनमें भारत और पाकिस्तान शामिल हैं। छह टीमों की घोषणा बाकी है।







