भारतीय टीम को तीसरे वनडे मैच में हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने इस तरह तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। भारत भले ही सीरीज अपने नाम करने में सफल नहीं रहा, लेकिन रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में ऐतिहासिक शतक लगाया।
इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में भारत को 27 रनों से हरा दिया। इंग्लैंड ने इस तरह तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इंग्लैंड ने इससे पहले पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी भारत को 4-0 से हराया था और अब वनडे में भी अपना दबदबा दिखाया। इंग्लैंड ने 2019 के बाद पहली बार भारत के खिलाफ वनडे सीरीज अपने नाम की है।
रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने 50 ओवर में तीन विकेट पर 387 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 360 रन ही बना सकी।
भारत के लिए रोहित शर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि शुभमन गिल और विराट कोहली ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। लक्ष्य इतना बड़ा था कि तीन बल्लेबाजों की शानदार पारियों के बावजूद भारतीय टीम ये मैच अपने नाम नहीं कर सकी।
इंग्लैंड ने बनाया लॉर्ड्स का सर्वोच्च स्कोर : इससे पहले, इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में वनडे का सर्वोच्च स्कोर बनाया। इंग्लैंड के लिए बेन डकेट ने शतक लगाया, जबकि जैकब बेथेल और जो रूट ने अर्धशतकीय पारी खेली। जोस बटलर 13 गेंदों पर चार चौकों तीन छक्कों की मदद से नाबाद 41 रन बनाए। बटलर की इस पारी ने ही अंत में अंतर पैदा किया। भारत लक्ष्य हासिल करने के करीब पहुंच गया था, लेकिन बटलर के दम पर इंग्लैंड ने विशाल स्कोर बनाया जिसे भारत चेज नहीं कर सका। इंग्लैंड की ओर से डकेट ने सबसे ज्यादा 135 गेंदों पर 18 चौकों और एक छक्के की मदद से 141 रन बनाए। वहीं, बेथेल ने 91 और रूट ने 48 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से नाबाद 74 रन बनाए। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा को दो और प्रिंस यादव को एक विकेट मिला।