विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिये इस प्रारूप को अलविदा कहा। कोहली ने दुनिया के हर कोने में रन बनाए हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से उनकी प्रतिद्वंद्विता खास रही है। खासतौर पर कोहली ने ऑस्ट्रेलिया जाकर खूब रन बनाए हैं। यही वजह है कि जब भी वहां कोई सीरीज होती है तो ऑस्ट्रेलियाई मीडिया कोहली के नाम से प्रचार प्रसार करती है। वहां की मीडिया उनकी खूब तारीफ भी करती है। अब उनके टेस्ट से संन्यास के बाद ऑस्ट्रेलिया के सभी अखबारों ने उनकी तारीफों के पुल बांधे हैं। इतना ही नहीं, जिस महिला पत्रकार से वह मेलबर्न एयरपोर्ट पर तस्वीर को लेकर भिड़े थे, उस पत्रकार ने खुद पोस्ट कर कोहली को शुभकामना संदेश दिया है।

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में छाए विराट, एयरपोर्ट पर उनसे भिड़ने वाली महिला पत्रकार ने संन्यास के बाद दी शुभकामना
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में छाए कोहली- भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन से महानता हासिल की है और अब वह सफेद जर्सी पहनकर उनके गेंदबाजों को परेशान नहीं कर पाएंगे। इसकी खुशी ऑस्ट्रेलियाई मीडिया को जरूर होगी। सोमवार को कोहली ने अपने शानदार टेस्ट करियर से अलविदा कहा तो ऑस्ट्रेलिया के मुख्य अखबार ‘दैनिक सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ ने इस भारतीय आइकन के बारे में कहा, ‘ऑस्ट्रेलियाई लोगों को कोहली का अविश्वसनीय बल्लेबाजी कौशल और मैदान पर तीखे तेवर का संयोजन आकर्षित करता था जिससे कईयो को उसमें अपनी झलक दिखती।’






