भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही सीरीज का पहला मुकाबला तो बारिश के कारण बेनतीजा रहा, लेकिन अब दूसरे मैच की तैयारी शुरू हो चुकी है। पहले मैच में दस ओवर का भी खेल नहीं हो पाया और उसे रद्द कर दिया गया। इस बीच अब दूसरे मैच की बारी है, जिसमें ज्यादा वक्त नहीं है। मैच कब और कहां होगा, आइए जानते हैं-
टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कैनबरा में खेला गया था, जो अधूरा रह गया था। मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की। जब मैच को रद्द घोषित किया गया, तब तक भारत ने 9.4 ओवर में 97 रन बना लिए थे। एक वक्त तो पांच ओवर के बाद ही बारिश आ गई। कुछ देर बाद बारिश रुकी और मैच फिर से शुरू हुआ तो इसे 18 ओवर का कर दिया गया, लेकिन इसके बाद जब फिर बारिश आई तो मैच को ही रद्द कर दिया गया।
अब सीरीज के अगले मैच यानी दूसरे मुकाबले की बात की जाए तो ये 31 अक्टूबर यानी शुक्रवार को खेला जाएगा। ये मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। मैच शुरू होने के वक्त की बात की जाए तो ये भारतीय समय अनुसार ये 1 बजकर 45 मिनट पर शुरू होगा। यानी पौने दो बजे से मैच शुरू हो जाएगा। इससे आधे घंटे पहले यानी एक बजकर 15 मिनट पर टॉस होगा। मैच दिन में शुरू होकर शाम तक चलेगा।
पहले मैच के बाद भी अभी तक दोनों टीमें बराबरी पर हैं। अब चार मैच बाकी हैं। ऐसे में अगला मैच जो भी टीम जीतेगी, उसके लिए सीरीज जीत की संभावना काफी ज्यादा हो जाएगी। ऐसे में दोनों टीमों की कोशिश होगी कि अगला मैच जीतकर सीरीज में बढ़त बना ली जाए। कुल मिलाकर जो रोमांच पहले मैच में नहीं आ पाया था, उम्मीद है कि दूसरे मैच में जरूर देखने के लिए मिलेगा।







