बिहार/ पटना । बिहार में आज से सेपकटकरा वर्ल्ड कप (Sepak Takraw World Cup) का आगाज हो चुका है। बिहार पहली बार इस खेल की मेजबानी कर रहा है। पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कांपलेक्स में सीएम नीतीश कुमार ने विश्व कप का आगाज किया।
इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि सेपकटकरा वर्ल्ड कप की मेजबानी बिहार के लिए बहुत गर्व की बात है। इधर, पहले मैच को देखने के लिए दर्शक काफी उत्साहित दिखे। पहला मैच इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच हुआ। भारत की टीम ने शुरूआत से ही आक्रामक तेवर दिखाते हुए बढ़त बना ली थी। भारतीय टीम ने पूरे खेल में अपनी बढ़त बनाए रखी। जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पिछले बार की विजेता टीम न्यूजीलैंड को 2-0 से हरा दिया। इस वर्ल्ड कप में 20 देशों की महिला व पुरुष टीम ने हिस्सा लिया है। पहला मैच भारत ने अपने नाम कर लिया।
वहीं खेल मंत्री ने कहा कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध बिहार सरकार के निरंतर प्रयास से आज बिहार खेल की दिशा में नई ऊंचाईयों को छू रहा है। आज गाँव-गाँव तक खेल आंदोलन पहुंच चुका है तथा गांव की प्रतिभा का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के रुप में तैयार किया जा रहा है।
इस वर्ल्ड कप के बिहार में आयोजन से ना सिर्फ बिहार के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि खेल के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर बिहार की छवि और सुदृढ़ होगी। सुरेन्द्र मेहता ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों से मिलकर उनको प्रोत्साहित किया।
बता दें बिहार में पहली बार सेपकटकरा वर्ल्ड कप का आयोजन पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में 20 से 25 मार्च तक किया जा रहा है। इस वर्ल्ड कप में विश्व के 20 देश हिस्सा ले रहे हैं तथा 300 से ज्यादा खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की भागीदारी इसमें है। जापान, म्यांमार, थाईलैंड, मलयेशिया, ईरान, वियतनाम, भारत, ब्राजील, पोलैंड, फ्रांस, नेपाल, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, यूएसप, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया, इटली, चीनी ताइपे. की टीमों के बीच सेपकटाकरा का रोमांचक मुकाबला होगा।
Sepak Takraw खेल के नियम और स्पर्धाएं
इस वर्ल्ड कप में Sepak Takraw के कुल सात स्पर्धाएं होंगी – तीन महिला, तीन पुरुष, और एक मिक्सड स्पर्धा। इस खेल में टीम को बारी-बारी से बास्केटबॉल की तरह गेंद को लात से मारकर विपक्षी टीम के आधे हिस्से में भेजने का प्रयास करना होता है। Sepak Takraw का खेल बास्केटबॉल और फुटबॉल का बेहतरीन मिश्रण है, जिसमें हर खिलाड़ी को संतुलन और तेज गति की आवश्यकता होती है।
भारत की महिला और पुरुष टीमें सभी स्पर्धाओं में शामिल हैं। टीम इंडिया ने सेपकटकरा के लिए अपनी कड़ी मेहनत और तैयारी से साबित किया है कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। यह भारत के लिए एक बड़ा मौका है कि वे घरेलू मैदान पर बेहतरीन प्रदर्शन करें और वैश्विक मंच पर जीत हासिल करें।







