जयपुर। राजस्थान के कोटा और सवाई माधोपुर में जोरदार बारिश से बाढ़ आ गई है। कोटा में बचाव के लिए सेना को बुलाया गया है। उधुर, सवाई माधोपुर में लोगों को बचाने के लिए गई एक नाव पानी में पलट गई। हादसे में नाव में सवार 10 लोग डूब गए, इनमें सात लोग लापता हैं। सवाई माधोपुर में रेलवे स्टेशन पर पटरियां पानी में डूब गई। जिससे पांच ट्रेन प्रभावित हुई हैं।
जानकारी के अनुसार सवाई माधोपुर के सूरवाल बांध में नाव डूब गई हैं। इसमें 10 लोग सवार थे। इनमें से 3 लोगों को बचा लिया गया है। बाकी लापता 7 लोगों की तलाश की जा रही है। वहीं, कोटा के सुल्तानपुर में 4-4 फीट तक पानी भर गया।
दीगोद में बाढ़ प्रभावित इलाके में सेना बुलाई गई है। बूंदी के कई गांवों का भी जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। बारिश के चलते बारां में शुक्रवार और शनिवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। झालावाड़, कोटा और बूंदी में भी शनिवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
सवाई माधोपुर में 250 घर जलमग्न- जोरदार बारिश के कारण सवाई माधोपुर में एक बार फिर से बाढ़ की स्थिति बनी है। पुराने शहर के पल्ली पार इलाके में घरों में पानी घुस गया। करीब 250 घर जलमग्न हो गए हैं। वहीं, नेशनल हाईवे-552 पर तेज बारिश के कारण पुलिया टूट गई। इससे ट्रैफिक पूरी तरह से बाधित हो गया है।
क्यों हो रही जोरदार बारिश? – मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून की ट्रफ लाइन अब दक्षिण दिशा से शिफ्ट होकर अपनी नॉर्मल पोजिशन के नजदीक आ गई। शुक्रवार को ट्रफ लाइन जैसलमेर, कोटा, दतिया (MP), सीधी (MP), रांची (झारखंड) होकर गुजर रही है। इस कारण प्रदेश में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया, जो अगले दो दिन और जारी रहने की संभावना है।

