Home » ब्रेक फेल टैंकर ने बरपाया कहर : हाईवे पर कई वाहनों को मारी टक्कर, 12 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त, कई लोग घायल
राजस्थान

ब्रेक फेल टैंकर ने बरपाया कहर : हाईवे पर कई वाहनों को मारी टक्कर, 12 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त, कई लोग घायल

उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बाद एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देबारी पावर हाउस के पास उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाइवे पर चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर आ रहा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में करीब 12 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग घायल हो गए।

ब्रेक फेल होने से मची तबाही : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंकर के ब्रेक फेल होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद टैंकर ने आगे चल रहे वाहनों को टक्कर मारी, जबकि पीछे आ रही कारें भी आपस में भिड़ती चली गईं। हादसे में कार, ऑटो, टेंपो और एक बाइक सहित करीब 10 से 12 वाहन क्षतिग्रस्त हुए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया :  हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। हादसे में 10 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें से 6 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कुछ घंटे पहले भी हुआ था टैंकर हादसा : गौरतलब है कि इसी हाईवे पर कुछ घंटे पहले एक केमिकल टैंकर भी पलट गया था। उस समय पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया था और सड़क को साफ कर यातायात बहाल किया गया था। लगातार हो रही घटनाओं ने हाईवे सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

यातायात बहाल, जांच जारी : हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात को सुचारू कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Search

Archives