कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में सरसों तेल से लदा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसकी भनक जब ग्रामीणों को लगी तो वे बाल्टी और डिब्बा लेकर तेल बटोरने के लिए पहंुच गए।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा नेशनल हाइवे 30 के पगवही के पास हुआ है। ट्रक पलटने के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि ट्रक जबलपुर से रायपुर जा रहा था। इसी बीच चिल्फी थाना के पगवाही गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। आसपास के लोगों को तेल का ट्रक पलटने की जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में लोग बाल्टी और डिब्बा लेकर पहुंचे। लोगों ने बड़ी मात्रा में तेल को बटोर लिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को हटाया गया।







