रायपुर। रायपुरा के इंद्रप्रस्थ वंडरलैंड एरिया में यूपी के मेरठ जैसी हत्या की वारदात देखने को मिली है। यहां पर टीन के बक्से में एक युवक की लाश मिलने से लोगों में दहशत फैल गई। शव को टीने के बक्से में डालकर रखा गया था। शव के ऊपर सीमेंट डालकर एक पतली परत बना दी गई थी ताकि लोगों को भनक न लग सके। जब लाश से बदबू आने लगी तो स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। मामला डीडी नगर थाने क्षेत्र का है।
फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है। बताया जाता है कि लाश करीब चार से पांच दिन पुरानी है। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। टीन के बक्से के अंदर सूटकेस मिला। उसके अंदर भरी हुई लाश लावारिस हालत में वंडरलैंड के पास मिली। शव को देखकर लगता है कि हत्या कर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया ताकि लोगों की नजर इस पर न पड़े।
शव को छुपाने के लिये अपनाया ये तरीका- पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला लग रहा है। मर्डर कर शव को छुपाने के लिये यह तरीका अपनाया गया है। पुलिस लापता लोगों की लिस्ट से शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके। बता दें हाल ही में यूपी के मेरठ में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से भर दी थी।







