रायपुर। नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसते हुए पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। आमानाका थाना पुलिस ने दो नशा तस्करों को ट्रक में बैठकर हेरोइन की डील करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े तीन लाख रूपए की हेरोइन समेत कई सामान जप्त किए हैं।
सोमवार की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक ट्रैफिक थाने के पास एक ट्रेलर वाहन में बैठकर हेरोइन बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही आमानाका थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। थोड़ी ही देर में दोनों संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरदीप कुमार और मनजीत सिंह के रूप में हुई है, जो दोनों पंजाब के तरणतारण जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने उनके पास से 34.60 ग्राम हेरोइन, एक डिजिटल तौल मशीन, दो मोबाइल फोन, और एक ट्रेलर वाहन जब्त किया है। जब्त हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पहले भी नशे के मामलों में जेल जा चुके हैं। वे पंजाब से हेरोइन लाकर रायपुर और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया करते थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।







