महाराष्ट्र। छत्रपति संभाजीनगर में चोरों ने शाहनूरवाड़ी दरगाह इलाके में स्थित एसबीआई बैंक शाखा की एटीएम मशीन को रस्सी से बांधकर थार से उखाड़ने की कोशिश की। हालांकि चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। थार से रस्सी खींचने के दौरान रस्सी ही टूट गई और पकड़े जाने की डर से बदमाश फरार हो गए।
इस घटना में एटीएम मशीन और केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त हो गए। मामले में जवाहर नगर पुलिस स्टेशन में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बैंक के शाखा प्रबंधक विशाल हरिदास इंदुरकर ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार 4 अगस्त की सुबह 3 से 4 बजे के बीच चार अज्ञात लोगों ने बैंक की एटीएम मशीन को रस्सी से महिंद्रा थार में बांध दिया और एटीएम को उखाड़ने की कोशिश की। चोरों ने पेचकस से एटीएम का कवर खोलने की भी कोशिश की और केबिन में लगे कैमरे तोड़ दिए। जवाहर नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह घटना शाहनूरवाड़ी स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम बूथ पर सोमवार तड़के तीन से चार बजे के बीच हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चार लोग एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) में आए और पीले रंग की बेल्ट से एटीएम को एसयूवी से बांध दिया। उन्होंने वाहन की मदद से एटीएम को खींचने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। उन्होंने बताया कि चोरों ने एटीएम कक्ष के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और नकद निकालने वाली मशीन को पेचकस की मदद से खोलने की कोशिश की, पर उसमें भी नाकाम रहने पर वहां से भाग गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।







