मुंबई। मुंबई के पवई स्थित आर ए स्टूडियो से गुरुवार को चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक शख्स ने 17 बच्चों और दो वयस्कों को स्टूडियो के अंदर बंधक बना लिया। इन बच्चों को ऑडिशन के बहाने बुलाया गया था। पुलिस ने बंधक बनाए जाने वाले शख्स से बातचीत की कोशिश की। जब बात नहीं बनी, तो रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को बच्चों को बचा लिया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है।
कहा था- उकसाया तो आग लगा दूंगा
बताया जा रहा है कि आरोपी रोहित आर्य स्टूडियो में ही काम करता है। उसने एक वीडियो भी जारी किया। इसमें उसने धमकी दी, ”मैं रोहित आर्य। मैंने आत्महत्या करने की जगह एक प्लान बनाया और कुछ बच्चों को यहां बंधक बनाया। मेरी कुछ ज्यादा मांगें नहीं हैं। मेरी कुछ नैतिक मांगें हैं। कुछ लोगों से सवाल पूछने हैं। मुझे उनके जवाब चाहिए। न मैं आतंकी हूं, न मेरी पैसों की कोई मांग है। मुझे आसानी से बात करनी है, इसी के लिए बच्चों को बंधक बनाया है। अगर जिंदा रहा तो मैं यह करूंगा, लेकिन होगा जरूर। आपकी तरफ से एक छोटा सा कदम मुझे उकसा देगा और मैं पूरी जगह को आग लगाकर मर जाऊंगा। इससे बच्चों को बेवजह नुकसान होगा, वे निश्चित तौर पर डर जाएंगे। इसका जिम्मेदार मुझे न माना जाए। मैं सिर्फ बात करना चाहता हूं। मैं अकेला नहीं हूं, मेरे साथ कई सारे लोग हैं, जिन्हें परेशानियां हैं।”







