हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हुआ है। भगदड़ में छह लोगों की मौत की खबर है। कई लोगों के बुरी तरह से घायल होने की खबर भी है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें घायलों को तुरंत अस्पतालों में पहुंचाने में लग गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, भगदड़ उस समय हुई जब मंदिर मार्ग पर हाईवोल्टेज लाइन का तार टूटकर गिर गया। मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। तार टूटने से अचानक मची अफरा-तफरी की वजह से स्थिति बेकाबू हो गई।
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने न्यूज एजेंसी को बताया कि हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भारी भीड़ जमा होने के बाद भगदड़ मच गई। भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई। मैं घटनास्थल के लिए रवाना हो रहा हूं। घटना की विस्तृत रिपोर्ट का इंतज़ार है।
हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।







