नई दिल्ली। बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मालिक और अभिनेता शाह रुख खान विवादों में घिर गए हैं और उन पर मुस्तफिजुर रहमान को हटाने का दबाव बढ़ गया है।
आध्यात्मिक गुरु रामभद्राचार्य और कथावाचक देवकी नंदन के विरोध के बाद अब भाजपा और शिवसेना नेताओं ने कहा कि वे रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में नहीं खेलने देंगे। ये लोग बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार से आक्रोशित हैं।
बीसीसीआई ने चुप्पी साधी
विवाद के बीच बीसीसीआई ने बांग्लादेश के खिलाड़ियों की आइपीएल में भागीदारी पर चुप्पी साध रखी है। बीसीसीआई ने आइपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लीग में भाग लेने से रोकने के लिए सरकार की ओर से कोई निर्देश नहीं मिला है। गौरतलब है कि पिछले महीने आयोजित मिनी-नीलामी में केकेआर ने 9.20 करोड़ रुपये में रहमान को खरीदा था।







