बंगलूरू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू का दौरा किया। यहां उन्होंने शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन किया और एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ‘नेक्स्ट-जेन मोबिलिटी फॉर ए नेक्स्ट-जेन सिटी’ कार्यक्रम में कन्नड़ भाषा में कुछ पंक्तियां बोलकर अपने भाषण की शुरुआत की।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी सफलता के पीछे भारतीय तकनीक और ‘मेक इन इंडिया’ की ताकत है। उन्होंने कहा कि यह अभियान कुछ ही घंटों में पाकिस्तान को घुटनों पर लाने में सफल रहा।
बेंगलुरु और युवाओं की भूमिका- प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस अभियान की सफलता में बेंगलुरु और यहां के युवाओं की अहम भूमिका रही। उन्होंने मेट्रो फेज-3 परियोजना के शिलान्यास समारोह में जोर देकर कहा कि इस तरह की सफलताएं भारत की तकनीकी क्षमता और स्वदेशी निर्माण शक्ति को दुनिया के सामने रखती हैं।
तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई- प्रधानमंत्री मोदी ने बंगलूरू के केएसआर रेलवे स्टेशन पर तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इसमें बंगलूरू से बेलगावी, अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर (अजनी) से पुणे तक की ट्रेनें शामिल हैं। इस दौरान कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।







