अमृतसर । राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पाकिस्तान समर्थित नशा और आतंक मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी इकबाल सिंह उर्फ शेरा को पुर्तगाल से भारत लाकर गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय तक चली कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया के बाद शेरा को भारत लाने में सफलता मिली।
एनआईए की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार शेरा को पुर्तगाल से भारत लाया गया, जहां से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचते ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। बताया गया है कि वह वर्ष 2020 में भारत से फरार हो गया था। जांच एजेंसी के अनुसार शेरा नशा और आतंक से जुड़े एक बड़े मामले का मुख्य साजिशकर्ता है। उस पर पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते हेरोइन की तस्करी कराने, हवाला नेटवर्क के जरिए धन पहुंचाने और आतंक गतिविधियों को सहायता देने के आरोप हैं।







