NEET UG 2026: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली। अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित यह परीक्षा आरोप सामने आने के बाद रद्द कर दी गई थी।
केंद्र सरकार ने पूरे मामले की व्यापक जांच सीबीआई को सौंपी है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के मुताबिक परीक्षा के चार दिन बाद यानी 7 मई की शाम कथित गड़बड़ियों से जुड़े इनपुट मिले थे। इसके बाद 8 मई की सुबह मामले को स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया।
उच्च शिक्षा विभाग ने भेजी लिखित शिकायत : सीबीआई ने शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी और सबूत नष्ट करने समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत भी मामले में धाराएं लगाई गई हैं।







