कोलकाता । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में स्थित सरकारी कार्यालय खाद्य भवन से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खाद्य भवन के एक बड़े सरकारी अधिकारी इंद्रदेव भट्टाचार्य बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से गिर गए।
इंद्रदेव भट्टाचार्य, एग्रीकल्चरल मार्केटिंग डिपार्टमेंट के ज्वॉइंट सेक्रेटरी हैं। इमारत की पांचवीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में वह नीचे गिर गए। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए SSKM अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा? : शुरुआती जानकारी के अनुसार, संयुक्त सचिव इंद्रदेव भट्टाचार्य खाद्य भवन की चौथी मंजिल पर स्थित अपने कार्यालय से पांचवीं मंजिल पर फाइनेंस डिपार्टमेंट में जा रहे थे। तभी वह अचानक सीढ़ियों से गिरकर पहली मंजिल पर आ गए।
भारी ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें बेहद गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद इमारत में हड़कंप मच गया और सहकर्मियों व सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तुरंत एसएसकेएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
घटना की सूचना मिलते ही न्यू मार्केट थाने की पुलिस तुरंत खाद्य भवन पहुंची। हादसे की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस की साइंटिफिक विंग के फोटोग्राफर्स भी मौके पर पहुंचे।







