Home » करूर भगदड़ : मद्रास हाई कोर्ट ने रद्द की आज शाम की सुनवाई, अगले हफ्ते के लिए स्थगित
देश

करूर भगदड़ : मद्रास हाई कोर्ट ने रद्द की आज शाम की सुनवाई, अगले हफ्ते के लिए स्थगित

तमिलनाडु के करूर भगदड़ में 40 लोगों की मौत हुई है। राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है। ये पूरा मामला अब मद्रास हाई कोर्ट भी पहुंच गया है।

एक्टर से नेता बने थलापति विजय की राजनीतिक पार्टी तमिलागा वेत्री कझगम (TVK) के खिलाफ करूर में शनिवार को हुई भगदड़ के बाद दायर याचिका पर मद्रास हाई कोर्ट ने आज शाम की सुनवाई रद्द कर दी। इस भगदड़ में 40 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद याचिकाकर्ता ने टीवीके को सार्वजनिक सभाओं और रैलियों की अनुमति न देने की मांग की थी।

आज  शाम को होनी थी सुनवाई- हाई कोर्ट के वेकेशन जज जस्टिस एन. सेन्थिलकुमार ने मूल रूप से याचिका पर आज रविवार शाम 4:30 बजे सुनवाई का आदेश दिया था। याचिकाकर्ता एन. सेन्थिलकन्नन ने तमिलनाडु के डीजीपी को टीवीके की किसी भी सार्वजनिक गतिविधि की अनुमति न देने के निर्देश देने की मांग की थी, जब तक कि भगदड़ की जांच पूरी न हो जाए। यह याचिका टीवीके द्वारा पहले दायर एक मामले से जुड़ी हुई है, जिसमें पार्टी ने पुलिस द्वारा लगाए गए कठोर शर्तों की शिकायत की थी।

अगले हफ्ते के लिए स्थगित किया गया मामला- हालांकि, वकील सीनियर एडवोकेट जी. संकरन के अनुरोध के बाद कोर्ट ने सुनवाई को रद्द कर दिया। कोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि मामला अब अगले हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया गया है, ताकि सभी पक्ष अपनी दलीलें ठीक से तैयार कर सकें।

मदुरै बेंच सोमवार को करेगी सुनवाई- इस बीच, टीवीके ने मदुरै बेंच में एक अलग याचिका दायर की है, जिसमें भगदड़ की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। मदुरै बेंच के जज जस्टिस एम. धंडापानी ने इसे सोमवार दोपहर 2:15 बजे सुनने का आदेश दिया है।

TVK और स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप- भगदड़ के शिकार परिवारों ने टीवीके और स्थानीय प्रशासन पर भीड़ प्रबंधन में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं  विजय ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस घटना को ‘अपूरणीय क्षति’ बताया और मृतकों के परिवारों को 20 लाख रुपये तथा घायलों को 2 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की।

Search

Archives