रियासी। जम्मू संभाग के रियासी जिला में कल देर शाम को कार पर पहाड़ से बड़ी चट्टान (पस्सी) गिरने से उसमें सवार रामनगर (ऊधमपुर) के एसडीएम राजेंद्र सिंह और उनके छह वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं, घायलों में एसडीएम की पत्नी, चचेरा भाई-भाभी, उनकी बेटी व चालक शामिल हैं। सभी को रियासी जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्कॉर्पियो कार में कुल सात लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम राजेंद्र सिंह परिवार के साथ अपने घर गांव पट्टियां जा रहे थे। रास्ते में पहाड़ से बड़ी चट्टान और मलबा सीधे उनकी गाड़ी पर गिरा। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना में एसडीएम राजेंद्र सिंह और उनके बेटे आरव की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीएम की पत्नी निशू, चचेरा भाई सुरजीत सिंह पुत्र शंकर सिंह, भाभी, उनकी बेटी व चालक घायल हो गए। एसडीएम के कुछ संबंधियों से पता चला कि एसडीएम की मतलोत मे रिश्ते की एक भाभी का आठ दिन पहले देहांत हो गया था। शनिवार को एसडीएम और उनके साथ मौजूद सगे संबंधियों को भी शोक व्याप्त भाभी के घर मतलोत जाना था। उससे पहले वह अपने घर पट्टियां जा रहे थे कि रास्ते में यह दुर्घटना घट गई।







