Home » आईएसआई का नेटवर्क ध्वस्तः पाक को भेजीं संवेदनशील लोकेशंस, धमाकों की साजिश रच रहा युवक गिरफ्तार
देश

आईएसआई का नेटवर्क ध्वस्तः पाक को भेजीं संवेदनशील लोकेशंस, धमाकों की साजिश रच रहा युवक गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक युवक को पाकिस्तान स्थित आतंकी के इशारे पर काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 29 साल के विक्रांत कश्यप के रूप में हुई है, जिसे प्रेमनगर इलाके से गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के मुताबिक, विक्रांत कश्यप पर आरोप है कि वह देहरादून में मौजूद सरकारी और रक्षा प्रतिष्ठानों की लोकेशन और तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेज रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) से जुड़े एजेंट और पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था।

पुलिस को खुफिया सूचना मिलने के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक .32 बोर की पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और स्प्रे पेंट का एक कैन बरामद किया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए अपने हैंडलर्स के संपर्क में था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक था और उनकी हत्या का बदला लेने की मंशा से उसने संपर्क साधा था। साल 2022 में पंजाब के मानसा जिले में मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

Search

Archives