अमृतसर (पंजाब) । एक बार फिर अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल (हरिमंदिर साहिब) को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी सोमवार को एसजीपीसी की ई-मेल पर भेजी गई है। ई-मेल में लिखे संदेश की शैली वही है, जो इससे पहले दी गई 13 धमकियों में लिखी गई है, लेकिन हैरानी की बात तो यह है कि अभी तक पुलिस ई-मेल भेजने वाली आरोपी का पता नहीं लगा सकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ई-मेल भेजने वाले की लोकेशंस बार-बार बदली जा रही हैं। उसका आइपी एड्रेस कभी देश के राज्यों में तो कभी विदेश में ट्रेस किया हो रहा है। इन हालात में आरोपी तक पहुंचना पुलिस के लिए काफी मुश्किल हो रहा है। इसे लेकर पंजाब पुलिस का स्टेट साइबर सेल डाटा मुहैया करवाने वाली कंपनी के संपर्क में है। लेकिन ई-मेल से संबंधित डाटा पुलिस के पास पहुंचने में एक से डेढ़ महीने तक का समय लग सकता है।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि अब तक श्री हरिमंदिर साहिब को 14 धमकियां मिल चुकी हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है। अब तक पुलिस अधिकारियों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कुछ नहीं बताया जा रहा है। पंजाब के सीएम भगवंत मान खुद 22 जुलाई को पुलिस अधिकारियों के साथ श्री हरिमंदिर साहिब की सुरक्षा का जायजा ले चुके हैं। इसके बाद आरोपियों ने ईमेल के मार्फत श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को भी आरडीएक्स लगाकर उड़ाने की धमकी दी थी।







