Home » टैंकरों की सील तोड़कर गैस चोरी, दो पकड़ाए, 2 टैंकर और 26 सिलेंडर सहित 1 करोड़ 26 लाख रूपए का माल जब्त
देश

टैंकरों की सील तोड़कर गैस चोरी, दो पकड़ाए, 2 टैंकर और 26 सिलेंडर सहित 1 करोड़ 26 लाख रूपए का माल जब्त

महाराष्ट्र के संभाजीनगर में एलपीजी गैस की चोरी करते हुए दो लोग पकड़े गए हैं। मिडिल ईस्ट संकट के चलते देशभर में एलपीजी आपूर्ति को लेकर चिंता का माहौल है। ऐसे वक्‍त में एलपीजी गैस सिलेंडरों की जमाखोरी करने वाले सक्रिय हैं , वहीं एलपीजी गैस की चोरी के मामले भी सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में एलपीजी गैस की बड़ी चोरी का मामला उजागर हुआ है, जहां गैस टैंकरों की सील तोड़कर खुलेआम गैस निकाली जा रही थी। स्‍टेट विजिलेंस टीम ने खोजेवाडी इलाके के पास छापा मारकर इस अवैध गतिविधि का भंडाफोड़ किया है। मौके पर HP कंपनी के दो कैप्सूल टैंकर खड़े पाए गए, जिनमें अवैध रूप से गैस निकालने का काम चल रहा था। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में भी सफलता हासिल की है।

आरोपियों के पास से कुल 35,220 किलोग्राम एलपीजी गैस पकड़ी गई। इसके साथ ही 2 टैंकर और 26 सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं। पकड़े गए सामान की कुल कीमत 1 करोड़ 26 लाख रुपये के करीब है। फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग की राज्यस्तरीय सतर्कता टीम ने छत्रपती संभाजीनगर जिले की गंगापूर तहसील में वैजापूर रोड में स्थित होटल साईयश के पास मौजे खोजेवाडी शिवार में छापेमारी की। फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग के अधिकारी चंद्रकांत डांगे गणेश बल्लाले की टीम ने यह कार्रवाई की है।

दो टैंकरों से गैस चुरा रहे थे आरोपी :  सिविल सप्लाई विभाग के अधिकारी ने बताया कि एलपीजी गैस से भरे एचपी कंपनी के टैंकर क्रमांक MH43 K 5921 में 17,590 किलो और MH 43CK 5747 में 17,630 किलो एलपीजी गैस भरी हुई थी। इन टैंकरों से गैस को अवैध तरीके से सिलेंडर में भरा जा रहा था। आरोपियों के पास भरे हुए कैप्सूल टैंकर पाए गए। साथ ही 19.2 किलो के 17 भरे हुए सिलेंडर और 6 खाली सिलेंडर बरामद हुए। 14.2 किलो का 1 भरा हुआ सिलेंडर और 5 किलो के 2 भरे हुए सिलेंडर भी पाए गए।

2,480 परिवारों की जरूरत हो सकती थी पूरी :  पकड़े गए दोनों कैप्सूल टैंकरों में भरी एलपीजी गैस का यदि घरेलू सिलेंडरों के लिए उपयोग किया जाता तो 2,480 परिवारों की जरूरत पूरी हो सकती थी। फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग के सहायक नियंत्रक प्रदीप काले ने बताया कि लगभग 1 करोड़ 26 लाख रुपये का माल जप्त किया गया। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध एमआईडीसी वालूज पुलिस थाने, छत्रपती संभाजीनगर में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

 

Search

Archives