Home » RCB के जश्न के दौरान बंगलूरू में भगदड़, 11 लोगों की मौत, 33 घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख
देश

RCB के जश्न के दौरान बंगलूरू में भगदड़, 11 लोगों की मौत, 33 घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख

बंगलूरू। आईपीएल 2025 में अपनी पहली जीत का जश्न मना रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) की टीम को देखने के लिए हजारों प्रशंसक बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जमा हो गए। इस दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए हैं।

चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर कैसे मची भगदड़?
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो जब स्टेडियम में आरसीबी टीम के सम्मान समारोह की शुरुआत होने वाली थी, तब एक साथ बड़ी संख्या में लोग अंदर जाने की कोशिश करने लगे। इससे भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

बंगलूरू भगदड़ पर पीएम मोदी ने जताया दुख
बंगलूरू भगदड़ की घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा- ‘बंगलूरू में हुई दुर्घटना वाकई दिल दहला देने वाली है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हों।’

पहले ही जारी की गई थी ट्रैफिक एडवाइजरी- बंगलूरू पुलिस की ओर से पहले ही सलाह दी गई थी कि केवल वैध टिकट या पास रखने वालों को ही स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा। साथ ही लोगों को निजी वाहन लाने से बचने और मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को कहा गया था, क्योंकि पार्किंग की सुविधा सीमित है। बता दें कि, यह विशेष सम्मान समारोह कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) की तरफ से आयोजित किया गया था। पहली बार आईपीएल जीतने के बाद आरसीबी टीम के खिलाड़ी अपने प्रशंसकों से मिलने स्टेडियम पहुंचे थे।

Search

Archives