मंडी। आईआईटी मंडी के साथ लगते कंमाद में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। तीन मृतकों की पहचान हो गई है जबकि दो का पता पुलिस लगा रही है। मृतकों की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी लुधियाना, उमेश कुमार जीटी रोड प्रतापनगर अमृतसर और सागर निवासी गांव व डाकघर फिरोजपुर जिला अमृतसर के रूप में हुई है।
गाड़ी चालक गुरजीत सिंह गांव मलिया जिला तरनतारण हादसे में जख्मी है। हादसा कंमाद पुल पर सुबह पौने नौ बजे हुआ। उक्त लोग पंजाब के अमृतसर से टेंट का सामान लेकर कंमाद आईटीआई मंडी आ रहे थे। चार लोग पिकअप के ऊपर बैठे थे जबकि एक व्यक्ति चालक के साथ बैठा था। कंमाद में उतराई के बाद चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पुल की रेलिंग से टकरा गई। इससे पिकअप के ऊपर बैठे चार लोग करीब 100 मीटर हवा में उछलते हुए नीचे उहल नदी के किनारे पत्थरों पर गिरे। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। पिकअप परिचालक की तरफ वाली साइड से रेलिंग से टकराई। इस कारण चालक के साथ बैठा व्यक्ति भी नीचे गिर गया और उसकी भी मौत हो गई। गाड़ी को भी काफी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरस्पीड माना जा रहा है।
वहीं, हादसे के बाद कंमाद 108 एंबुलेंस कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर उन्हें जोनल अस्पताल पहुंचाया। जख्मी चालक गुरजीत भी जोनल अस्पताल में भर्ती है। उसने बताया कि हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ है। एसएचओ पद्धर सौरभ ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। सभी मृतक पंजाब के रहने वाले हैं और दिहाड़ी पर सामान लगाने कंमाद आए थे। फिलहाल मृतकों के परिजनों को बुलाया जा रहा है।







